अम्बेडकरनगर। जिलाधिकारी के निर्देश पर सोमवार को अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) की अध्यक्षता में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की जिला स्तरीय खाद्य सुरक्षा सलाहकार समिति की त्रैमासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में खाद्य एवं औषधि अनुभाग द्वारा अप्रैल 2025 से नवम्बर 2025 तक की गई प्रवर्तन कार्यवाही की विस्तृत समीक्षा की गई।
1607 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण
बैठक की शुरुआत में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने विभागीय कार्यवाही की जानकारी देते हुए बताया कि अप्रैल 2025 से नवम्बर 2025 के बीच जनपद में 1607 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान संदेह के आधार पर विभिन्न खाद्य पदार्थों के 433 नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। जांच में मानक के अनुरूप न पाए गए 148 नमूनों की रिपोर्ट के आधार पर संबंधित खाद्य कारोबारकर्ताओं के खिलाफ विधिक कार्यवाही प्रचलित की गई।
औषधि प्रतिष्ठानों पर भी की गई कार्रवाई
बैठक में औषधि निरीक्षक ने औषधि अनुभाग की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। बताया गया कि इसी अवधि में 281 औषधि प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। संदेह के आधार पर विभिन्न औषधियों के 127 नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए। जांच रिपोर्ट में मानक के अनुरूप न पाए गए पांच नमूनों पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की गई।
लंबित वादों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश
समीक्षा के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) ने न्याय निर्णायक अधिकारी न्यायालय में लंबित मामलों पर संज्ञान लिया। उन्होंने निर्देश दिया कि खाद्य एवं औषधि से जुड़े लंबित वादों की त्वरित सुनवाई कर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि प्रवर्तन कार्यवाही का प्रभावी क्रियान्वयन हो सके।








