इको गार्डन में छात्रों का प्रदर्शन, अभिजीत दीपके के पहुंचने पर बढ़ा विवाद

पेपर लीक और भर्ती परिणामों को लेकर अभ्यर्थियों का धरना, कई छात्रों ने कॉकरोच पार्टी के हस्तक्षेप का किया विरोध।

लखनऊ। राजधानी के इको गार्डन में शुक्रवार को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं और वनडे एग्जाम की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों ने पेपर लीक और लंबित भर्ती परिणामों को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में कॉकरोच जनता पार्टी के प्रमुख अभिजीत दीपके के शामिल होने से माहौल राजनीतिक हो गया, जबकि कई छात्रों ने उनके आने का विरोध भी किया।

अभिजीत दीपके गुरुवार रात करीब 2:20 बजे लखनऊ पहुंचे थे। हालांकि प्रदर्शन सुबह 10 बजे शुरू हो गया था, लेकिन वह दोपहर करीब 1:30 बजे इको गार्डन पहुंचे। पुलिस और सुरक्षा बलों ने उन्हें सुरक्षा घेरा बनाकर धरना स्थल तक पहुंचाया।

प्रदर्शन में शामिल छात्र ‘पेपर लीक बंद करो’ और ‘UPSI स्कोर कार्ड जारी करो’ जैसे नारे लगा रहे थे। कई अभ्यर्थियों ने कहा कि उनका आंदोलन पूरी तरह छात्रों की समस्याओं को लेकर है और इसे राजनीतिक मंच नहीं बनाया जाना चाहिए।

प्रयागराज से आए एक छात्र ने कहा कि आंदोलन का किसी राजनीतिक दल से कोई संबंध नहीं है। उनका कहना था कि यदि राजनीतिक दल इसमें हस्तक्षेप करेंगे तो सरकार को भर्ती प्रक्रिया और परिणामों में और देरी करने का मौका मिल सकता है।

इससे पहले अमौसी एयरपोर्ट पर अभिजीत दीपके ने कहा था कि उनकी पार्टी दिल्ली और पुणे की तरह लखनऊ में भी शांतिपूर्ण प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अपनी बात रखना हर नागरिक का संवैधानिक अधिकार है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button