अम्बेडकर नगर। जायद 2026 में गन्ना उत्पादन करने वाले किसानों के लिए राहत भरी खबर है। राज्य सरकार की ओर से गन्ना उत्पादक किसानों को उर्द एवं मूंग के निःशुल्क बीज उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके लिए आवेदन प्रक्रिया 5 फरवरी से शुरू हो चुकी है, जो 13 फरवरी तक चलेगी। किसान कृषि विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
राज्य सरकार की योजना के तहत मिलेगा लाभ
उप कृषि निदेशक अश्वनी सिंह ने बताया कि यह योजना राज्य सरकार द्वारा वित्तपोषित निःशुल्क दलहन–तिलहन बीज मिनीकिट वितरण एवं प्रचार-प्रसार कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित की जा रही है। इसका उद्देश्य गन्ने के साथ दलहनी फसलों की अंतः फसली खेती को बढ़ावा देना है, जिससे किसानों की आय में वृद्धि हो सके और भूमि की उर्वरता बनी रहे।
गन्ना किसानों के लिए सुनहरा अवसर
योजना के अंतर्गत बसंतकालीन गन्ने की खेती करने वाले वे किसान, जो जायद 2026 में गन्ने की फसल के साथ उर्द या मूंग की अंतः फसल लेना चाहते हैं, आवेदन कर सकते हैं। पात्र किसानों को उर्द एवं मूंग के बीज निःशुल्क दिए जाएंगे। इससे किसानों को अतिरिक्त लागत नहीं उठानी पड़ेगी और उत्पादन भी बढ़ेगा।
कृषि दर्शन-2 पोर्टल से होगा आवेदन
किसान कृषि विभाग के पोर्टल कृषि दर्शन-2 (https://agridarshan.up.gov.in) पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन वही किसान कर सकेंगे, जो पहले से कृषि विभाग में पंजीकृत हैं। प्रत्येक कृषक अधिकतम एक हेक्टेयर क्षेत्रफल के लिए ही उर्द या मूंग के निःशुल्क बीज हेतु आवेदन कर सकता है।
लाटरी से होगा लाभार्थियों का चयन
उप कृषि निदेशक ने बताया कि प्राप्त आवेदनों के सापेक्ष निर्धारित लक्ष्य के अनुसार लाभार्थियों का चयन लाटरी प्रणाली से किया जाएगा। चयनित किसानों को निर्धारित समय पर निःशुल्क बीज का वितरण किया जाएगा।








