भोपाल/दिल्ली। मध्य प्रदेश से राज्यसभा सीट के लिए कांग्रेस नेता मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द किए जाने के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई शुक्रवार तक के लिए स्थगित कर दी है। गुरुवार को अदालत ने कांग्रेस और चुनाव आयोग की प्रारंभिक दलीलें सुनने के बाद मामले को अगले दिन के लिए सूचीबद्ध किया।
सुनवाई के दौरान कांग्रेस की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि मामले की तत्काल सुनवाई जरूरी है, क्योंकि नामांकन वापसी की अंतिम समय-सीमा दोपहर 3 बजे तक ही है। इस पर चुनाव आयोग ने अदालत को बताया कि उसे याचिका की प्रति उपलब्ध नहीं कराई गई है और जवाब तैयार करने के लिए समय चाहिए।
सिंघवी ने आग्रह किया कि सुनवाई भले ही अगले दिन हो, लेकिन तब तक परिणाम घोषित न किया जाए। इस पर अदालत ने कहा कि ऐसे मामलों में कानून पहले से स्थापित है और याचिका पर शुक्रवार को सुनवाई की जाएगी।
कांग्रेस ने बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात डिजिटल माध्यम से याचिका दाखिल की थी। पार्टी ने आरोप लगाया है कि रिटर्निंग ऑफिसर ने गैरकानूनी, मनमाने और पक्षपातपूर्ण तरीके से नामांकन खारिज किया है।
सुनवाई टलने पर मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि आयोग अन्य राज्यों में हस्तक्षेप कर चुका है, लेकिन मीनाक्षी नटराजन के मामले में कार्रवाई नहीं की गई। सिंघार ने उम्मीद जताई कि सुप्रीम कोर्ट से मामले में न्याय मिलेगा, हालांकि उन्होंने न्याय मिलने में हो रही देरी पर भी सवाल उठाए।









