
भीटी (अंबेडकरनगर)। क्षेत्र के बेनीपुर गांव में युवक पर प्राणघातक हमला करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी सुशील तिवारी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया है। यह घटना 19 अक्टूबर की शाम की बताई जा रही है, जब आरोपी ने गांव के ही युवक विकास दुबे को फोन कर बुलाया और अचानक धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था।
फोन पर बुलाकर किया हमला
पुलिस के अनुसार, 19 अक्टूबर की शाम लगभग 7:15 बजे बेनीपुर निवासी सुशील तिवारी ने अपने गांव के ही विकास दुबे को मोबाइल फोन पर बुलाया। विकास जैसे ही बताए गए स्थान पर पहुंचा, आरोपी ने बिना किसी विवाद या चेतावनी के अचानक उस पर चाकू से कई वार कर दिए। हमले में विकास गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने घायल अवस्था में उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
पुलिस ने घटना की जानकारी मिलते ही मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की थी।
भगवान पट्टी तिराहे के पास से गिरफ्तारी
मंगलवार सुबह लगभग 10 बजे पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी गांव के पास स्थित बगिया क्षेत्र में देखा गया है। भीटी पुलिस ने तुरंत घेराबंदी की और भगवान पट्टी से बेनीपुर जाने वाले तिराहे से लगभग 200 मीटर की दूरी पर स्थित बगिया के पास से सुशील तिवारी को गिरफ्तार कर लिया।








