
- रनवे पर इंजन में आग लगने से मची अफरातफरी
- इमरजेंसी स्लाइड से निकाले गए यात्री, 6 घायल
- ज्यूरिख जा रही थी Swiss International Air Lines की फ्लाइट
नई दिल्ली। दिल्ली एयरपोर्ट पर शनिवार देर रात एक बड़ा विमान हादसा टल गया, जब Swiss International Air Lines की फ्लाइट LX147 टेकऑफ से ठीक पहले तकनीकी खराबी का शिकार हो गई।
जानकारी के मुताबिक, यह फ्लाइट रात करीब 1:08 बजे स्विट्जरलैंड के ज्यूरिख के लिए उड़ान भरने वाली थी। जैसे ही विमान रनवे पर टेकऑफ की तैयारी में था, अचानक उसका एक इंजन फेल हो गया और उसमें आग लग गई। स्थिति को भांपते हुए पायलट ने तुरंत विमान को रोक दिया।
घटना के बाद विमान में सवार यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए इमरजेंसी स्लाइड का इस्तेमाल किया गया। इस दौरान 6 यात्री घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया।
एयरलाइन के बयान के अनुसार, यह विमान एयरबस A330 था। टेकऑफ से पहले विमान के बाएं लैंडिंग गियर के पास धुआं निकलता देखा गया, जिसके बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए उड़ान रद्द कर दी गई।
Swiss International Air Lines ने बताया कि उनकी स्थानीय टीम मौके पर मौजूद है और यात्रियों की हर संभव सहायता की जा रही है। साथ ही, घटना के कारणों की जांच के लिए विशेषज्ञों की टीम दिल्ली पहुंचेगी और स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर मामले की जांच करेगी।









