25-30 नवंबर तक सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल सुपर 300 बैडमिंटन टूर्नामेंट

लखनऊ। गोमती नगर स्थित योनेक्स सनराइज बाबू बनारसी दास बैडमिंटन अकादमी में 25 से 30 नवंबर तक सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 के मुकाबले खेले जाएंगे। इस टूर्नामेंट में 20 देशों के 250 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे, जिसमें भारत के 152 खिलाड़ी शामिल हैं। कुल ईनामी राशि 2,40,000 अमेरिकी डॉलर यानी करीब 2.16 करोड़ रुपए है।

पूर्व चैंपियन किदांबी श्रीकांत, एचएस प्रणय, प्रियांशु राजावत और उन्नति हुड्डा समेत कई अंतरराष्ट्रीय सितारे हिस्सा लेंगे। महिला युगल में पिछले साल की उपविजेता जोड़ी त्रिशा जॉली और गायत्री गोपीचंद पी मुख्य आकर्षण रहेंगी। जबकि इस बार पीवी सिंधु और लक्ष्य सेन टूर्नामेंट में नहीं होंगे।

डॉ. नवनीत सहगल, अध्यक्ष यूपी बैडमिंटन एसोसिएशन, ने कहा कि दर्शकों के लिए प्रवेश नि:शुल्क होगा। सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबलों का लाइव प्रसारण दूरदर्शन और वेव ओटीटी प्लेटफॉर्म पर होगा।

टूर्नामेंट के सुचारू संचालन के लिए बैडमिंटन वर्ल्ड फेडरेशन की ओर से जेड. सोफिया शीरर होर्वाथ को मैनेजर नियुक्त किया गया है। इस बार यूपी की कई महिला खिलाड़ी भी मुख्य ड्रा में जगह बनाने में सफल रही हैं, जिनमें श्रुति मिश्रा, समृद्धि सिंह, सोनाली सिंह और तनीषा सिंह शामिल हैं।

25 नवंबर को क्वालीफाइंग मैच खेले जाएंगे और उसी दिन से मुख्य ड्रा की शुरुआत होगी। सभी वर्गों में 32 खिलाड़ियों या जोड़ियों का मुख्य ड्रा रहेगा। पुरुष एकल में प्रमुख दावेदार हैं जिया हेंग जेसन तेह (सिंगापुर), आयुष शेट्टी, किरण जॉर्ज और किदांबी श्रीकांत, जबकि महिला एकल में उन्नति हुड्डा, नोजोमी ओकुहारा (जापान) और नेस्लिहान अरीन (तुर्की) शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button