
अम्बेडकरनगर। जिला पंचायत के 97 निर्माण कार्यों में गंभीर अनियमितताओं की शिकायत के बाद अब पूरे प्रकरण की जांच तकनीकी मूल्यांकन समिति (TAC) से कराए जाने के आदेश जारी किए गए हैं। अयोध्या मंडल की टीएसी ने यह आदेश शिकायतकर्ता आनंद तिवारी की शिकायत पर जारी किए हैं। आरोप है कि जिला पंचायत द्वारा कराए गए कार्यों के टेंडर में मनचाहे ठेकेदारों को लाभ पहुंचाने के लिए नियमों को दरकिनार कर कार्य आवंटन किया गया।
मानकविहीन कार्यों पर उठे सवाल, गुणवत्ता जांचेगी टीएसी
सूत्रों के अनुसार, जिले में जिला पंचायत के तहत 97 विकास कार्यों के टेंडर जारी किए गए थे। इन कार्यों में सड़क निर्माण, नाली, पुलिया, मरम्मत और सुदृढ़ीकरण से संबंधित परियोजनाएं शामिल थीं। आरोप है कि इन कार्यों को कुछ पसंदीदा ठेकेदारों को अनुचित लाभ पहुंचाने के लिए दिया गया।
शिकायत में कहा गया है कि ठेकेदारों ने कार्यों को निर्धारित मानकों के विपरीत, घटिया सामग्री का उपयोग करते हुए पूरा किया। कई स्थानों पर तो निर्माण के कुछ महीनों के भीतर ही सड़कों व नालियों की हालत बिगड़ गई।
टीएसी अयोध्या मंडल करेगी जांच, रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी
अयोध्या मंडल के तकनीकी मूल्यांकन समिति (TAC) ने पूरे मामले की जांच का आदेश देते हुए संबंधित अभिलेख और स्थल निरीक्षण की तैयारी शुरू कर दी है।
जांच में टेंडर प्रक्रिया, कार्य आवंटन, तकनीकी स्वीकृति, भुगतान विवरण और कार्य की गुणवत्ता की बारीकी से जांच की जाएगी।
टीएसी टीम द्वारा रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेजी जाएगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।








