हिमाचल प्रदेश के मनाली में प्रतिबंधित क्षेत्र में वाहन ले जाना एक पर्यटक को भारी पड़ गया। मनाली पुलिस ने मॉल रोड पर पहुंची चंडीगढ़ नंबर की टूरिस्ट कार का 20 हजार रुपए का चालान काटा है। यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के आधार पर की गई।
जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 10:30 बजे CH-01-CW-0459 नंबर की KIA कार मनाली के मॉल रोड तक पहुंच गई। वहां मौजूद लोगों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने वाहन को ट्रेस कर ऑनलाइन चालान जारी किया।
मनाली का मॉल रोड वाहनों की आवाजाही के लिए पूरी तरह प्रतिबंधित है। इसके बावजूद कार आईबैक्स चौक तक पहुंच गई, जबकि क्षेत्र में पुलिस द्वारा बैरिकेडिंग की गई है। बताया जा रहा है कि वाहन में सवार पर्यटक चंडीगढ़ से मनाली घूमने आए थे।
डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने बताया कि वायरल वीडियो में वाहन को प्रतिबंधित क्षेत्र में स्पष्ट रूप से देखा गया, जिसके बाद नियमानुसार कार्रवाई की गई। उन्होंने पर्यटकों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने और वर्जित क्षेत्रों में वाहन न ले जाने की अपील की।
पुलिस के अनुसार, पर्यटन सीजन के दौरान कई पर्यटक नियमों की अनदेखी कर देते हैं। हाल ही में शिमला में भी एक टूरिस्ट वाहन प्रतिबंधित सड़क पर पहुंच गया था, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। ऐसे मामलों में हिमाचल पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।









