वित्तीय समझ से सुरक्षित होगा भविष्य

छात्राओं को निवेश और साइबर धोखाधड़ी से बचाव के बताए तरीके

अंबेडकरनगर। रमाबाई राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय अकबरपुर में शुक्रवार को वित्तीय जागरूकता विषय पर संगोष्ठी आयोजित की गई। वाणिज्य विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं को बचत, निवेश, वित्तीय प्रबंधन और डिजिटल धोखाधड़ी से बचाव के बारे में जानकारी दी गई।

कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के संरक्षक एवं प्राचार्य प्रो. अरविंद कुमार वर्मा के निर्देशन में हुआ। वाणिज्य विभागाध्यक्ष प्रो. अरुण कांत गौतम और प्रो. नंदन सिंह ने संयोजन किया। प्राचार्य ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित और माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरुआत की।

पैसे कमाने से ज्यादा जरूरी है सही प्रबंधन

मुख्य वक्ता ऐश्वर्य जैन, डिप्टी मैनेजर, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज, वाराणसी क्षेत्र ने वित्तीय जागरूकता के विभिन्न पहलुओं पर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वित्तीय जागरूकता केवल पैसे कमाने या बचाने तक सीमित नहीं है। इसमें धन का सही प्रबंधन, निवेश और भविष्य के जोखिमों से सुरक्षा की समझ भी शामिल है।

उन्होंने कहा कि वित्तीय प्रबंधन की जानकारी अनावश्यक खर्च, कर्ज और क्रेडिट कार्ड से जुड़ी समस्याओं से बचाने में मदद करती है। निवेश के विभिन्न विकल्पों की जानकारी होने से व्यक्ति अपनी जरूरत और क्षमता के अनुसार बेहतर निर्णय ले सकता है।

महंगाई और निवेश के संबंध को समझाया

ऐश्वर्य जैन ने बताया कि लंबे समय तक केवल बैंक खाते में पैसा रखने से महंगाई के कारण उसकी वास्तविक क्रय शक्ति प्रभावित हो सकती है। उन्होंने शेयर बाजार, राष्ट्रीय बचत पत्र, बीमा और म्यूचुअल फंड सहित विभिन्न वित्तीय विकल्पों का उल्लेख किया।

उन्होंने आपातकालीन निधि तैयार करने और भविष्य के वित्तीय लक्ष्यों के लिए पहले से योजना बनाने की जरूरत बताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button