- अभिभावकों में आक्रोश, कार्रवाई की उठी मांग
- बीएसए बोले- जांच होगी, दोषी पाए जाने पर होगी कार्रवाई
- वायरल तस्वीर से शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल
अंबेडकरनगर।शिक्षा को सुधारने और सरकारी स्कूलों की छवि बेहतर बनाने के तमाम प्रयासों के बीच एक बार फिर बेसिक शिक्षा विभाग सवालों के घेरे में है। रामनगर क्षेत्र के एक प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक की ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने पूरे शिक्षा तंत्र की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वायरल हो रही तस्वीर में शिक्षक विद्यालय के कमरे में मेज पर पैर रखकर सोते हुए दिखाई दे रहे हैं।
खुले कमरे में मेज पर सोते शिक्षक की तस्वीर वायरल
घटना प्राथमिक विद्यालय कटोखर की बताई जा रही है। वायरल तस्वीर में साफ देखा जा सकता है कि विद्यालय का कमरा खुला है और शिक्षक मेज पर पैर रखकर गहरी नींद में हैं। कक्षा में कोई भी छात्र मौजूद नहीं है, जिससे यह अंदेशा लगाया जा रहा है कि शिक्षक के सोने के दौरान बच्चे स्कूल परिसर में unattended रहे।
ग्रामीणों और अभिभावकों में नाराजगी
फोटो के सोशल मीडिया पर वायरल होते ही गांव में आक्रोश फैल गया। अभिभावकों ने कहा कि जब शिक्षक इस तरह से स्कूल में सोते पाए जाएं, तो बच्चों की शिक्षा का स्तर कैसे सुधरेगा। ग्रामीणों ने बेसिक शिक्षा विभाग से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। अभिभावकों का कहना है कि सरकारी शिक्षक समय पर स्कूल नहीं आते और आए भी तो पढ़ाने के बजाय आराम फरमाते हैं।








