दिल्ली बॉर्डर से लश्कर से जुड़ा आतंकी गिरफ्तार

नई दिल्ली। दिल्ली में सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े आतंकी शब्बीर अहमद लोन को सोमवार को दिल्ली बॉर्डर से गिरफ्तार कर लिया। शुरुआती जांच में खुलासा हुआ है कि वह बांग्लादेश से भारत विरोधी गतिविधियों को अंजाम दे रहा था।

कई राज्यों में युवाओं की भर्ती की साजिश

पुलिस के अनुसार, शब्बीर दिल्ली के अलावा कोलकाता और तमिलनाडु में आतंकी नेटवर्क फैलाने और युवाओं की भर्ती की तैयारी कर रहा था।

जांच में यह भी सामने आया है कि यह पूरा मॉड्यूल आईएसआई के इशारे पर संचालित हो रहा था।

पहले भी हो चुका है गिरफ्तार

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, शब्बीर अहमद लोन को वर्ष 2007 में भी आतंकवाद से जुड़े आरोपों में गिरफ्तार किया गया था। वर्ष 2019 में जमानत मिलने के बाद वह बांग्लादेश फरार हो गया था, जहां से वह अपने नेटवर्क को संचालित कर रहा था।

कश्मीर में पहले ही हो चुकी थी छापेमारी

इस मामले में काउंटर इंटेलिजेंस कश्मीर (CIK) ने 26 मार्च को बड़ी कार्रवाई करते हुए गांदरबल, शोपियां और श्रीनगर के करीब 10 ठिकानों पर छापेमारी की थी।

CIK के अनुसार, जांच में यह भी सामने आया कि यह आतंकी नेटवर्क एक ट्रांजैक्शनल सिस्टम के जरिए काम कर रहा था, जिसमें बांग्लादेश और पाकिस्तान में बैठे लश्कर के हैंडलर्स से सीधे निर्देश मिल रहे थे।

दो महीने से निगरानी में था आतंकी

सुरक्षा एजेंसियां पिछले दो महीनों से शब्बीर की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थीं। पुख्ता सबूत मिलने के बाद उसे दिल्ली बॉर्डर से गिरफ्तार कर लिया गया।

इस कार्रवाई को देश की सुरक्षा के लिहाज से बड़ी सफलता माना जा रहा है, क्योंकि समय रहते एक बड़े आतंकी नेटवर्क को सक्रिय होने से पहले ही निष्क्रिय कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button