जलालपुर (अम्बेडकरनगर)। जलालपुर तहसील क्षेत्र के कई गांवों में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत बनी सड़कों की स्थिति गंभीर हो गई थी। गोलपुर, जीवत, पकड़ी, मरहरा, दुल्हूपुर और जगदीशपुर क्षेत्रों में सड़कों पर जलभराव, खराब सतह, गंदगी और खुले में शौचालय के कारण आवागमन प्रभावित हो रहा था। ग्रामीणों ने समस्या की जानकारी स्थानीय अधिकारियों को दी, लेकिन जिम्मेदारी ग्राम प्रधानों पर टाल दी गई।
ग्रामीणों की लगातार शिकायतों के बाद दैनिक तमसा संकेत में प्रकाशित खबर के बाद पीडब्ल्यूडी विभाग ने मरम्मत कार्य को लेकर सक्रियता दिखाई है। अधिशासी अभियंता ने बताया कि कई सड़कों की मरम्मत की जा चुकी है और बाकी सड़कों को बरसात के बाद जल्द ठीक किया जाएगा।
ग्रामीणों की शिकायत: सड़कें खस्ताहाल, आवागमन हुआ मुश्किल
ग्रामीणों का कहना है कि कई स्थानों पर सड़कें इतनी ऊंची और खुरदरी हो गई हैं कि छोटे वाहन भी सुरक्षित गुजर नहीं पाते। पकड़ी क्षेत्र में जलभराव की स्थिति इतनी गंभीर है कि छोटे वाहन वहां से गुजरने में असमर्थ हैं। इसके अलावा औराडाड और गोसाईपुर के आसपास की सड़कों की भी स्थिति खराब है, जिससे आवागमन में भारी परेशानी हो रही है।








