
- बच्चों को स्कूल छोड़कर लौट रहे प्रॉपर्टी डीलर पर हमला
- पड़ोसियों से विवाद के बाद चाकू से किए गए कई वार
- अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
- पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया
उत्तर प्रदेश के Hapur में गुरुवार सुबह एक प्रॉपर्टी डीलर की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी की तलाश जारी है। मृतक की पहचान राशिद (35) के रूप में हुई है, जो दिल्ली में प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था और परिवार के साथ हापुड़ के अलीनगर मोहल्ले में रहता था।
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार सुबह राशिद अपने बच्चों को स्कूल छोड़ने गया था। बच्चों को स्कूल छोड़ने के बाद वह दूध लेकर घर लौट रहा था। इसी दौरान मोहल्ले में घर के सामने रहने वाले पड़ोसियों से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि पड़ोसी राशिद, सुलेमान और सुफियान ने मिलकर उस पर हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपियों ने राशिद को घेरकर चाकू से कई वार किए। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। गंभीर हालत में राशिद को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक राशिद अपनी पत्नी रुखसाना, बेटों अयान, मोहम्मद, उमर और बेटी जोया के साथ हापुड़ में रह रहा था। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मोहल्ले में भी तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।









