
- सेक्टर-5 की झाड़ियों में बच्चों को दिखा नाग-नागिन का जोड़ा
- एक मिनट से ज्यादा तक हवा में झूमते रहे दोनों सांप
- वीडियो वायरल, लोगों ने लगाए “हर हर महादेव” के जयकारे
मेरठ। सावन के पवित्र माह में मेरठ के जागृति विहार एक्सटेंशन में नाग-नागिन के जोड़े का नृत्य देखने को मिला। इस दृश्य ने न सिर्फ वहां मौजूद लोगों को रोमांचित कर दिया, बल्कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो ने हर किसी का ध्यान खींच लिया है। कोई इसे भोलेनाथ का आशीर्वाद मान रहा है तो कोई इस दृश्य से डरा-सहमा दिख रहा है।
बच्चों की चीख से हुआ खुलासा
सेक्टर-5 में कुछ बच्चे सड़क किनारे खेल रहे थे, तभी झाड़ियों में हलचल देख वे उत्सुकतावश पास गए। तभी उन्होंने दो सांपों को हवा में उठकर नृत्य करते देखा और जोर-जोर से चीख पड़े। शोर सुनकर आसपास के लोग दौड़े और यह नजारा देखकर अवाक रह गए।
‘नागिन’ फिल्म की यादें ताजा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नाग-नागिन की यह जोड़ी बिल्कुल फिल्मी अंदाज में एक-दूसरे से लिपटकर हवा में झूम रही थी। एक व्यक्ति ने बिना देर किए इस दृश्य को कैमरे में कैद कर लिया। 1 मिनट 8 सेकंड का यह वीडियो अब वायरल हो चुका है।
हर-हर महादेव के लगे जयकारे
सावन माह में इस दुर्लभ दृश्य को शुभ संकेत मानते हुए वहां उपस्थित लोगों ने “हर हर महादेव” और “नाग देवता की जय” के नारे लगाने शुरू कर दिए। धीरे-धीरे वहां भीड़ जुट गई, जिससे घबराकर नाग-नागिन कुछ देर बाद झाड़ियों में लौट गए।
लोगों में दहशत भी
हालांकि यह दृश्य जहां एक ओर धार्मिक आस्था से जोड़ा जा रहा है, वहीं स्थानीय निवासी डर से भी सहमे हैं। उनका कहना है कि यह पूरा क्षेत्र आवासीय है और बार-बार सांप दिखाई दे रहे हैं। यदि यह जोड़ा घरों की ओर आ गया तो बड़ा खतरा हो सकता है। लोगों ने आवास विकास परिषद से इलाके की सफाई और सुरक्षा को लेकर कार्रवाई की मांग की है।








