
अंबेडकरनगर। प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में नई क्रांति लाने वाली मुख्यमंत्री कम्पोजिट विद्यालय योजना के तहत अम्बेडकरनगर में भी प्रमुख परियोजना तेजी से आकार ले रही है। भीटी ब्लॉक के नरहरपुर गांव में 9.29 एकड़ भूमि पर निर्मित इस विद्यालय का उद्घाटन इस वर्ष नवंबर में होने की संभावना है। विद्यालय की कुल लागत 23.59 करोड़ रुपये है और इसे बेसिक शिक्षा विभाग के अधीन यू०पी०प्रोजेक्ट्स कारपोरेशन लि०, अयोध्या द्वारा बनाया जा रहा है।
एक ही कैंपस में प्री-प्राइमरी से कक्षा 12 तक की शिक्षा
मुख्यमंत्री कम्पोजिट विद्यालय योजना का उद्देश्य बच्चों को प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा 12 तक एक ही परिसर में पढ़ाई का अवसर उपलब्ध कराना है। इससे बच्चों को अलग-अलग स्कूलों में भटकना नहीं पड़ेगा और उन्हें आधुनिक सुविधाओं के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सकेगी। प्रदेश के 75 जिलों में ऐसे मॉडल स्कूल स्थापित किए जा रहे हैं, और 39 जिलों में निर्माण कार्य पहले ही जोर-शोर से चल रहा है। अम्बेडकरनगर का नरहरपुर स्कूल इस सूची में शामिल होकर बच्चों के भविष्य को नई दिशा देगा।
विद्यालय में मिलने वाली सुविधाएं
नरहरपुर में बन रहे विद्यालय का मुख्य भवन जी प्लस टू के डिजाइन के अनुसार होगा। इसके अलावा मिड-डे मील भवन, प्रधानाचार्य व उप प्रधानाचार्य आवास, कर्मचारी आवास, डॉरमेट्री, बाल वाटिका भवन, मल्टीपरपज हाल, गार्ड रूम, बाउंड्रीवाल, इंटरलॉकिंग और सी.सी. रोड का निर्माण किया जा रहा है। विद्यालय में लगभग 1500 छात्र-छात्राओं के बैठने की क्षमता होगी और 30 से अधिक कक्षा-कक्ष बनाए जा रहे हैं। निर्माण कार्य की प्रगति इतनी तेज है कि इसे नवंबर तक पूरा करने का स्पष्ट लक्ष्य रखा गया है।








