
- सुबह 12:05 बजे से खुले मंदिरों के कपाट
- शिवालयों में रुद्राभिषेक और विशेष पूजा
- केंद्रीय मंत्री बघेल ने किया पंचामृत से अभिषेक
आगरा। सावन के पहले सोमवार को भगवान शिव की आराधना के लिए शिवालयों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने मंदिरों पर पहुंचे। ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से मंदिर परिसर गूंज उठे। प्रमुख शिवालयों में रुद्राभिषेक और विशेष पूजन-अर्चन का आयोजन किया गया।
शहर के प्राचीन राजेश्वर, बल्केश्वर, मनकामेश्वर, पृथ्वीनाथ और प्राचीर कैलाश मंदिर में सुबह से भक्तों की कतारें लगी रहीं। रात्रि 12:05 बजे से ही मंदिरों के कपाट खोल दिए गए। मंदिर प्रशासन ने बताया कि कपाट सोमवार रात तक खुले रहेंगे ताकि अधिक श्रद्धालु दर्शन-पूजन कर सकें।
मेले और डोले के साथ भव्य आयोजन
रविवार शाम को राजेश्वर महादेव मंदिर में सावन मेले का उद्घाटन केंद्रीय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल ने किया। उन्होंने भगवान शिव का 21 लीटर दूध से अभिषेक किया। इसके बाद भगवान गणेश, शिव और पार्वती का भव्य डोला निकाला गया, जिसे देखने शमसाबाद मार्ग पर भारी संख्या में श्रद्धालु उमड़े।
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, रूट डायवर्जन
मेले में डीसीपी सिटी सोनम कुमार और एसीपी हेमंत कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। भीड़ प्रबंधन के लिए राजपुर चुंगी से रूट डायवर्जन लागू किया गया। बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई और मंदिरों के आसपास पुलिस बल तैनात रहा।








