
- बार-बार पैसे मांगने पर धमकी मिलने से तंग आकर उठाया कदम
- दुकानदार बोले: न अपमान का उद्देश्य, न ही झगड़ा – सिर्फ सच दिखाना है
- इलाके में मामला बना चर्चा का विषय, लोगों की मिलीजुली प्रतिक्रिया
अम्बेडकरनगर। अम्बेडकरनगर.जिले के आलापुर तहसील अंतर्गत बिड़हर खास गांव में एक चाय दुकानदार ने अपने उधार की वसूली के लिए अनोखा तरीका अपनाया है। वर्षों से अपने टी स्टाल पर लोगों को चाय पिलाने वाले रामचंदर ने जब बार-बार मांगने पर भी बकाया नहीं मिलने और उल्टे धमकी मिलने की बात बताई, तो उसने अपने कर्जदारों के नाम और बकाया रकम अपनी दुकान की दीवार पर लिखवा दी।
दुकानदार रामचंदर का कहना है कि कुछ लोग रोज़ दुकान पर आते हैं, चाय-नाश्ता करते हैं, लेकिन पैसे मांगने पर उल्टा लड़ाई-झगड़े पर उतर आते हैं। कई बार तो धमकी तक दे दी गई। इससे परेशान होकर उन्होंने नाम सार्वजनिक करने का फैसला किया और दुकान की दीवार को ही बकायेदारों की ‘सूची-पत्रिका’ बना डाला।
ये भी पढ़ें-हौसलों की उड़ान से लिखें सफलता की इबारत – स्वतंत्र देव
रामचंदर का मानना है कि यह कदम उन्हें मानसिक और सामाजिक राहत देगा। उन्होंने कहा, “मैंने यह इसलिए किया कि गांव के लोग खुद समझें कि कौन सही है और कौन गलत। मैं किसी को अपमानित नहीं करना चाहता, लेकिन अब चुप रहना भी नुकसानदेह था।”
इस मामले की चर्चा अब पूरे इलाके में हो रही है। कुछ लोग दुकानदार के कदम को साहसी बता रहे हैं तो कुछ इसे विवाद को बढ़ाने वाला भी मान रहे हैं। वहीं गांव के अन्य दुकानदारों ने भी माना कि उधारी के कारण छोटे दुकानदारों को काफी नुकसान उठाना पड़ता है, लेकिन कोई खुलकर शिकायत नहीं करता।








