वाराणसी। जिला अदालत परिसर में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब एक महिला अचानक जिला जज की कुर्सी पर जाकर बैठ गई और खुद को जज बताते हुए मामलों की सुनवाई करने लगी। घटना का वीडियो सामने आने के बाद यह मामला चर्चा का विषय बन गया है।
जानकारी के अनुसार, शिवपुर निवासी वंदना गुप्ता (50) शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे जिला अदालत पहुंचीं। उस समय अदालत की कार्यवाही शुरू होने की तैयारी चल रही थी और विभिन्न मामलों की फाइलें कोर्ट रूम में रखी गई थीं। इसी दौरान महिला कोर्ट कक्ष में पहुंची और जिला जज के आने का समय पूछने लगी।
कुछ देर बाद वह सीधे जज की डायस पर पहुंच गईं और जिला जज की कुर्सी पर बैठ गईं। इसके बाद उन्होंने हैमर उठाकर टेबल पर पटकते हुए जोर से “ऑर्डर-ऑर्डर” कहा। महिला ने वहां मौजूद वकीलों से कहा कि आज वह जिला जज हैं और सभी मामलों की सुनवाई वही करेंगी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला ने कोर्ट में मौजूद वकीलों से गवाह और सबूत पेश करने को कहा तथा टेबल पर रखी फाइलें उठाकर देखने लगीं। जब कुछ वकीलों ने घटना का वीडियो बनाना शुरू किया तो महिला नाराज हो गई और आपत्ति जताने लगी।
वकीलों ने महिला को समझाने और कोर्ट कक्ष से बाहर जाने के लिए कहा, लेकिन वह नहीं मानीं। इसके बाद अदालत परिसर में मौजूद पुलिसकर्मियों को बुलाया गया। पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर कैंट थाने पहुंचाया।
फिलहाल पुलिस महिला से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वह अदालत में किस उद्देश्य से पहुंची थी। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।









