
- क्यों ब्लैकआउट के बावजूद जल रही थीं सोलर लाइटें
- रॉकेट का हिस्सा गिरने से कितनी बड़ी तबाही टल गई
- खेत में बम जैसी वस्तु मिलने से गांव में कैसा रहा माहौल
ऊना/चिंतपूर्णी। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र में पाकिस्तान की ओर से कथित हमले की कोशिश को भारतीय एयर डिफेंस सिस्टम ने नाकाम कर दिया। बीती रात करीब 1:30 बजे बेहड़ भटेड़ गांव में जोरदार धमाका हुआ। सुबह ग्रामीणों को खेत में लगभग 50-60 किलो वजनी रॉकेट जैसा निष्क्रिय उपकरण मिला। धमाके से आसपास के घर हिल गए और जंगल में हल्की आग भी लग गई।
पहले आसमान में दिखी रोशनी, फिर जोरदार धमाका
प्रत्यक्षदर्शी सर्वजीत ने बताया कि धमाके से पहले उनके कुत्ते लगातार भौंक रहे थे। आसमान में तेज रोशनी दिखाई दी और कुछ ही पल बाद जबरदस्त आवाज के साथ धमाका हुआ। इसके बाद जंगल में आग लग गई, जो बारिश की वजह से कुछ ही देर में बुझ गई। सुबह जब खेतों में गए तो वहां रॉकेट जैसा भारी टुकड़ा पड़ा मिला।
प्रशासन सतर्क, सेना को सौंपी जांच
सूचना मिलते ही चिंतपूर्णी पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को सील कर दिया। डीसी ऊना जतिन लाल ने बताया कि धमाके और संदिग्ध धातु टुकड़े की जानकारी सेना को दे दी गई है। प्रारंभिक जांच में यह निष्क्रिय प्रतीत हो रहा है, पर असली पुष्टि विशेषज्ञों की जांच के बाद ही होगी।
विधायक बबलू मौके पर पहुंचे, लोगों से की अपील
चिंतपूर्णी विधायक सुदर्शन बबलू ने घटना स्थल का दौरा किया और ग्रामीणों से हालात की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि लोग घबराएं नहीं, प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने एसडीएम को आदेश दिए कि क्षेत्र में जल रही सभी सोलर लाइटें रात को बंद कर दी जाएं और बाजारों को शाम 7 बजे से पहले बंद कर दिया जाए।
ब्लैकआउट के बावजूद जल रही थीं सोलर लाइटें
हालांकि प्रशासन ने रात में ब्लैकआउट के आदेश दिए थे, फिर भी कुछ स्थानों पर सोलर लाइटें जलती रहीं। इसे लेकर स्थानीय लोगों ने विधायक से शिकायत की, जिसके बाद सभी पंचायत सचिवों को निर्देश जारी किए गए कि हालात सामान्य होने तक रात में सभी लाइटें बंद रखी जाएं।
SP बोले – सेना करेगी पुष्टि कि मिसाइल थी या रॉकेट
एसपी ऊना राकेश सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि यह अभी स्पष्ट नहीं है कि गिरा हुआ उपकरण रॉकेट है या मिसाइल। जांच के लिए सेना की टीम बुलाई गई है, जो इसकी पुष्टि करेगी।








