कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस (TMC) सांसद अभिषेक बनर्जी ने कोलकाता के कैमक स्ट्रीट स्थित पार्टी कार्यालय में तोड़फोड़ का आरोप लगाया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर CCTV फुटेज साझा करते हुए दावा किया कि गुरुवार सुबह करीब 4:30 बजे कुछ लोग हथियारों के साथ पार्टी कार्यालय में घुसे और कर्मचारियों के साथ मारपीट की।
अभिषेक बनर्जी के मुताबिक, हमलावरों ने कार्यालय में रखा फर्नीचर तोड़ा, सामान बिखेर दिया और कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को नुकसान पहुंचाया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कर्मचारियों के मोबाइल फोन छीने गए।
दो घंटे तक पुलिस कार्रवाई नहीं होने का दावा
अभिषेक बनर्जी ने दावा किया कि TMC कर्मचारियों और वकीलों ने घटना की सूचना पुलिस को दी थी, लेकिन करीब दो घंटे तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाते हुए मामले में जिम्मेदारी तय करने की मांग की।
उनका आरोप है कि हमलावरों ने एयर प्यूरिफायर, प्रिंटर, टीवी समेत कई इलेक्ट्रॉनिक सामान भी वहां से ले गए। अभिषेक ने कहा कि जांच में यह पता लगाया जाना चाहिए कि हमले की योजना किसने बनाई और इसे किसके निर्देश पर अंजाम दिया गया।
31 अगस्त को भी हुआ था विवाद
कैमक स्ट्रीट स्थित इसी कार्यालय को लेकर कुछ दिन पहले भी विवाद हुआ था। 31 अगस्त को कोलकाता नगर निगम की टीम ने पुलिस की मौजूदगी में इमारत से TMC का साइनबोर्ड हटाया था।
इस कार्रवाई के दौरान अधिकारियों से कथित झड़प के मामले में अभिषेक बनर्जी समेत तीन TMC नेताओं के खिलाफ FIR दर्ज की गई थी। पुलिस ने इस मामले में 13 लोगों को गिरफ्तार भी किया था।









