
- ट्रैक्टर से जुड़ी दो ट्रॉलियां खाई में गिरीं
- 5 लोगों की मौत, 15 घायल, 9 की हालत गंभीर
- 150 से ज्यादा लोग मुंडन के लिए जा रहे थे
लखीमपुर खीरी। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल हो गए। घायलों में 9 की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, एक ट्रैक्टर से दो ट्रॉलियों को जोड़कर करीब 150 से अधिक लोग मुंडन संस्कार के लिए बहराइच के सुजौली स्थित कारीकोट देव स्थान जा रहे थे। इसी दौरान पढुआ थाना क्षेत्र में अचानक ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और दोनों ट्रॉलियां सड़क किनारे खाई में जा गिरीं।
संतुलन बिगड़ने से हुआ हादसा
स्थानीय लोगों के मुताबिक, ट्रैक्टर में दो ट्रॉलियों को जोड़ने के कारण चालक को वाहन संभालने में दिक्कत हो रही थी। तभी सामने से आ रही एक गाड़ी को बचाने के प्रयास में ड्राइवर ट्रैक्टर को नियंत्रित नहीं कर सका और हादसा हो गया।
मौके पर मचा कोहराम
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कई लोग ट्रॉलियों के नीचे दब गए, जबकि कई घायल सड़क पर तड़पते नजर आए। आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया।
स्थानीय लोगों ने किया रेस्क्यू
ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और खुद भी बचाव कार्य में जुट गए। कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला गया और अस्पताल भेजा गया।









