6 हजार की नौकरी से करोड़ों की संपत्ति तक

ओडिशा के इंजीनियर के यहां छापे में मिला 2.4 करोड़ कैश

भुवनेश्वर। ओडिशा में आय से अधिक संपत्ति के मामले में विजिलेंस विभाग की बड़ी कार्रवाई में एक सहायक कार्यकारी अभियंता (Assistant Executive Engineer) के पास करोड़ों रुपये की संपत्ति का खुलासा हुआ है। कंधमाल जिले के बलिगुड़ा स्थित एकीकृत जनजातीय विकास एजेंसी (ITDA) में तैनात बैकुंठ नाथ बेहरा के विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में नकदी, अचल संपत्ति और कीमती सामान बरामद किया गया।

जानकारी के अनुसार, बैकुंठ नाथ बेहरा की नियुक्ति वर्ष 1999 में जूनियर इंजीनियर के पद पर हुई थी। उस समय उनकी मासिक सैलरी करीब 6 हजार रुपये थी। आय से अधिक संपत्ति की शिकायत मिलने के बाद ओडिशा विजिलेंस ने विशेष न्यायाधीश (विजिलेंस) के सर्च वारंट के आधार पर कार्रवाई की।

विजिलेंस टीम ने भुवनेश्वर, जाजपुर, बारिपदा और कंधमाल जिले में स्थित कुल 9 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। तलाशी के दौरान बैंक लॉकरों और विभिन्न स्थानों से करीब 2.4 करोड़ रुपये नकद, सोने के आभूषण, पांच बहुमंजिला इमारतें और 13 प्लॉट का पता चला है। प्रारंभिक जांच में इन संपत्तियों की कीमत करोड़ों रुपये आंकी गई है।

जांच में सामने आया कि भुवनेश्वर के नीलाद्री विहार क्षेत्र में लगभग 10,500 वर्गफुट क्षेत्र में फैली चार मंजिला इमारत बेहरा की प्रमुख संपत्तियों में शामिल है। इसके अलावा सैलश्री विहार में तीन मंजिला भवन, पटिया और चंद्रशेखरपुर में दो-दो मंजिला मकान भी पाए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button