
अंबेडकरनगर। अयोध्या में चैत्र रामनवमी मेला 2026 के दौरान बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। 24 मार्च दोपहर 2 बजे से 27 मार्च रात 12 बजे तक भारी वाहनों का डायवर्जन लागू रहेगा। इस अवधि में मालवाहक वाहन, ट्रक, ट्रैक्टर और डीसीएम को अयोध्या शहर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। आवश्यक सेवाओं को इससे छूट रहेगी।
इन मार्गों से किया जाएगा डायवर्जन
संतकबीरनगर और बस्ती की ओर से आने वाले भारी वाहनों को घनघटा, बिड़हल घाट और रामनगर से डायवर्ट कर न्यौरी जलालपुर, मालीपुर, सुरहुरपुर होते हुए पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से भेजा जाएगा।
गोरखपुर की तरफ से आने वाले वाहन गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे के जरिए पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर मोड़े जाएंगे।
आजमगढ़ और बसखारी से आने वाले वाहनों को न्यौतरिया बाईपास, गोहन्ना चौराहा, अकबरपुर के रास्ते पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर डायवर्ट किया जाएगा।
शहर के अंदर कई स्थानों पर प्रतिबंध
अलीगंज क्षेत्र के सम्हरिया चौराहा से सेवा गंज बैरियर के रास्ते अयोध्या जाने वाले भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा।
अहिरौली क्षेत्र में यादव नगर तिराहा से वाहनों को महरुआ होते हुए टांडा-रायबरेली मार्ग की ओर मोड़ा जाएगा।
भीटी क्षेत्र के चनहा चौराहा से वाहनों को भीटी बाजार होते हुए सुल्तानपुर रोड की तरफ भेजा जाएगा।








