अंबेडकर नगर। जनपद में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। गुरुवार को पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर शंकर के निर्देशन में पुलिस उपाधीक्षक यातायात जितेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में यातायात सुरक्षा से जुड़ा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी सत्येन्द्र सिंह यादव तथा प्रभारी यातायात जय बहादुर यादव की सक्रिय भूमिका रही।
CCTEM कर्मियों को उपकरण व प्रशिक्षण
कार्यक्रम के दौरान ZFD से संबंधित CCTEM के अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक उपकरण प्रदान किए गए। साथ ही उन्हें सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात नियंत्रण और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई को लेकर प्रशिक्षित किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग से सड़क सुरक्षा को और मजबूत करना रहा।
गोल्डन आवर पर दिया गया विशेष प्रशिक्षण
जिला चिकित्सालय अंबेडकर नगर से आई चिकित्सकों की टीम द्वारा गोल्डन आवर के महत्व पर प्रशिक्षण दिया गया। चिकित्सकों ने बताया कि दुर्घटना के बाद पहला एक घंटा पीड़ित के जीवन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। इस दौरान सही प्राथमिक उपचार और त्वरित अस्पताल पहुंचाने से जान बचाई जा सकती है। यातायात कर्मियों को इस प्रक्रिया में समन्वय की भूमिका समझाई गई।
सड़क सुरक्षा अभियान के तहत कार्रवाई
सड़क सुरक्षा अभियान के अंतर्गत 29 जनवरी 2026 को कुल 56 वाहनों का चालान किया गया, जबकि एक वाहन से 500 रुपये शमन शुल्क वसूला गया। वहीं 1 जनवरी 2026 से अब तक 1430 वाहनों का चालान किया जा चुका है। इस अवधि में 39 वाहनों से 58,100 रुपये शमन शुल्क जमा कराया गया तथा 5 वाहन सीज किए गए।








