शादी से 6 दिन पहले दूल्हे की दर्दनाक मौत

लखनऊ। खुशियों से भरा घर अचानक मातम में बदल गया। दुबग्गा के जेहटा गांव निवासी मोहित गौतम (24) की 13 नवंबर को बारात निकलनी थी, लेकिन उससे छह दिन पहले ही उसकी सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे में मोहित के दो दोस्त धीरेंद्र यादव (28) और मोनू कश्यप (18) की भी जान चली गई, जबकि चौथा दोस्त शनि गंभीर रूप से घायल है।

शादी की तैयारियों के बीच मेला घूमने निकले थे चार दोस्त

मोहित की शादी की तैयारियां जोरों पर थीं। शेरवानी और शादी का जोड़ा खरीदकर उसने घर में रख लिया था। शुक्रवार से शादी की रस्में शुरू होनी थीं। लेकिन बुधवार शाम मोहित अपने तीन दोस्तों के साथ उन्नाव के बनारसी मेले में घूमने निकल गया।

गड्ढे में बाइक स्लिप हुई, तीन की मौके पर मौत

मेला ग्राउंड से करीब 10 किलोमीटर पहले उनकी दो बाइकों का संतुलन सड़क के गड्ढे में बिगड़ गया। दोनों बाइकें आपस में टकराकर गिर गईं। तीनों दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चौथा युवक घायल हो गया। घटना उन्नाव जिले के औरास थाना क्षेत्र के बड़ादेव गांव की है।

‘हम शादी की तैयारी में थे, पर अब…’

मृतक मोहित के बड़े भाई कल्लू गौतम ने बताया, “हम अपने भाई की शादी की तैयारी कर रहे थे, ये क्या हो गया…।” उन्होंने बताया कि शाम करीब 4 बजे मोहित दोस्तों के साथ निकला था और शाम 6:30 बजे पुलिस का फोन आया कि एक्सीडेंट हो गया है।

गांव में पसरा मातम, मंगेतर ने किया अंतिम दर्शन

जब तीनों दोस्तों के शव गांव पहुंचे तो पूरा जेहटा गांव गम में डूब गया। मोहित की मंगेतर भी अंतिम दर्शन के लिए पहुंची और फूट-फूटकर रो पड़ीं। गांव की महिलाओं ने बताया कि मोहित दिन में शादी की खरीदारी कर रहा था, किसी को क्या पता था कि यह उसका आखिरी दिन होगा।

सड़क की हालत पर उठे सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि अंडरपास के पास सर्विस रोड पर पानी भरने और गड्ढों के कारण सड़क बेहद खराब हो चुकी है। इन्हीं गड्ढों की वजह से दोनों बाइकें फिसल गईं। हादसे के बाद लोगों ने सड़क की मरम्मत की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button