
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के मड़ियांव क्षेत्र में चोरों ने बीती रात फतेहपुर सदर की एसडीएम अनामिका श्रीवास्तव के घर पर धावा बोल दिया। चोरों ने घर से नकदी और लाखों रुपये के गहने चोरी कर लिए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। मामले में एसडीएम ने मड़ियांव थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।
CCTV में दिखे दो नकाबपोश चोर
घटना 24 अक्टूबर की रात करीब 2:40 से 5 बजे के बीच की बताई जा रही है। सीसीटीवी फुटेज में दो चोर नजर आए हैं। एक ने बाउंड्री फांदकर अंदर घुसने की कोशिश की, जबकि दूसरा दूसरे रास्ते से घर में दाखिल हुआ। दोनों ने पहचान छिपाने के लिए मुंह पर कपड़ा बांध रखा था।
रामभजन के बीच हुई वारदात
पुलिस जांच में सामने आया है कि जिस घर में चोरी हुई, वहां 24 घंटे रामभजन चलता रहता है, जिससे आसपास के लोगों को शक नहीं हुआ। पुलिस को आशंका है कि किसी करीबी को घर की जानकारी थी, और उसी ने चोरी की योजना में मदद की हो सकती है।
डॉग स्क्वॉड की मदद से जांच
चोरी की सूचना पर पुलिस टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचे। खोजी कुत्ता घर के बगल की गली तक गया और फिर वहीं रुक गया। पुलिस अब आसपास के घरों और गलियों के CCTV फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों का सुराग मिल सके।








