- भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच पाकिस्तान की साइबर अटैक की योजना
- यूपी पुलिस और CERT-In ने जारी की साइबर सुरक्षा एडवाइजरी
- नागरिकों को अनजान लिंक और फाइल्स से बचने की दी सलाह
लखनऊ। भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच साइबर सुरक्षा को लेकर एक नया खतरा सामने आया है। पाकिस्तान द्वारा साइबर अटैक के प्रयासों के बाद, केंद्र सरकार ने एडवाइजरी जारी की है और उत्तर प्रदेश पुलिस भी इस खतरे से निपटने के लिए अलर्ट मोड पर है। यूपी पुलिस की साइबर सेल ने नागरिकों को अनजान लिंक, वीडियो और फाइलें खोलने से सावधान किया है। साथ ही, सिस्टम के पासवर्ड को मजबूत रखने की सलाह दी गई है।
साइबर अटैक का नया खतरा
साइबर एक्सपर्ट अमित दुबे के अनुसार, पाकिस्तान द्वारा किए जा रहे साइबर अटैक को लेकर कंप्यूटर इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम (CERT-In) ने चेतावनी जारी की है। इस समय Dance of the Hillary नामक वायरस सोशल मीडिया के माध्यम से तेजी से फैल रहा है। हैकर्स इस वायरस को वीडियो और दस्तावेज़ के रूप में भेजते हैं, और जैसे ही यह किसी डिवाइस में ओपन होता है, यह सक्रिय हो जाता है और डिवाइस को हैक करके संवेदनशील जानकारी चुराने लगता है।
साइबर सुरक्षा में नागरिकों की भूमिका
साइबर सेल ने आम जनता से अपील की है कि वे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे वॉट्सऐप, फेसबुक, इंस्टाग्राम, टेलीग्राम पर किसी भी अनजान फाइल को खोलने से बचें। इस संबंध में लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं, ताकि नागरिक साइबर अटैक से बच सकें।








