
अम्बेडकरनगर। इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र के गोवर्धनपुर गांव में सरकारी जमीन पर सार्वजनिक शौचालय निर्माण को लेकर विवाद हिंसक हो गया। शुक्रवार को दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई। ग्राम प्रधान सुनील यादव घायल हो गए, जबकि दूसरे पक्ष ने भी प्रधान और उनके समर्थकों पर हमला करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी है।
शौचालय निर्माण को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार गांव में सरकारी भूमि पर सार्वजनिक शौचालय निर्माण की तैयारी चल रही थी। आरोप है कि उक्त जमीन पर क्षेत्र पंचायत सदस्य सच्चाराम प्रजापति का कब्जा था। लेखपाल द्वारा जमीन का चिन्हीकरण किए जाने के बाद ग्राम प्रधान सुनील यादव ने वहां मिट्टी डलवाई। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया।
बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर पुलिस ने दोनों पक्षों को इब्राहिमपुर थाने बुलाया था। इसी दौरान तनाव और बढ़ गया।
ग्राम प्रधान ने लगाया हमले का आरोप
ग्राम प्रधान सुनील यादव का आरोप है कि थाना परिसर के बाहर उन पर हमला किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि सच्चाराम प्रजापति, बृजेश उपाध्यक्ष और संध्या समेत अन्य लोगों ने उनकी पिटाई की। मारपीट में उनके सिर में गंभीर चोट आई।
प्रधान पक्ष का कहना है कि घटना के दौरान पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी भी दी गई। वहीं प्रधान के वाहन चालक अभिषेक यादव के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है।
घटना के बाद थाना परिसर के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।









