- पीजीआई इलाके में पेड़ काटने के दौरान बीच सड़क पर रस्सी बांधने से हुआ हादसा
- 24 वर्षीय डिलीवरी बॉय अनुज कश्यप की मौत
- शव गांव पहुंचते ही ग्रामीणों ने गोपाल खेड़ा पुल पर किया प्रदर्शन
लखनऊ। लखनऊ के पीजीआई इलाके में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जब नगर निगम की लापरवाही के कारण 24 वर्षीय डिलीवरी बॉय अनुज कश्यप की दर्दनाक मौत हो गई। घटना वृंदावन योजना सेक्टर-9 के पास की है, जहां नगर निगम की ओर से पेड़ों की छंटाई का काम चल रहा था। इस दौरान बिना किसी चेतावनी या बैरिकेडिंग के सड़क के दोनों किनारों पर रस्सी बांध दी गई थी।
अनुज कश्यप, जो फ्लिपकार्ट में डिलीवरी बॉय का काम करता था, अपनी ड्यूटी पर जा रहा था। जैसे ही वह बाइक से वहां से गुजरा, रस्सी में उलझकर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पहले सिविल अस्पताल और फिर ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, लेकिन जान नहीं बच सकी।
बुधवार को पोस्टमॉर्टम के बाद जब अनुज का शव उसके गांव गोपाल खेड़ा (मोहनलालगंज) पहुंचा, तो आक्रोश फूट पड़ा। परिजनों और ग्रामीणों ने शव को गोपाल खेड़ा पुल पर रखकर नगर निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मुआवजे व कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। पुलिस की समझाइश और एसीपी, एसडीएम के आश्वासन के बाद प्रदर्शन शांत हुआ।
मृतक के भाई सोनू कश्यप की शिकायत पर नगर निगम के अज्ञात कर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। वहीं, अपर नगर आयुक्त ललित कुमार और अन्य अधिकारी गांव पहुंचे और परिजनों को चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी। उन्होंने मुख्यमंत्री राहत कोष से पांच लाख रुपये की मदद और एक परिजन को संविदा नौकरी देने का आश्वासन भी दिया।








