जनपद अम्बेडकरनगर में रबी सीजन के दौरान किसानों को उर्वरक की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासनिक स्तर पर की गई व्यवस्थाओं के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। निजी एवं सहकारिता क्षेत्र को मिलाकर माह दिसम्बर तक जनपद के लिए कुल 20992 मीट्रिक टन यूरिया का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इसके सापेक्ष जनपद में कुल 30541 मीट्रिक टन यूरिया की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है, जो निर्धारित लक्ष्य का लगभग 145 प्रतिशत है।
19 दिसम्बर तक 98.5 प्रतिशत यूरिया का वितरण
उपलब्धता के अनुरूप वितरण की स्थिति भी संतोषजनक रही है। उर्वरक बिक्री केन्द्रों के माध्यम से लक्ष्य के सापेक्ष 98.5 प्रतिशत, यानी कुल 20650 मीट्रिक टन यूरिया का वितरण 19 दिसम्बर 2025 तक किसानों को किया जा चुका है। शेष मांग को ध्यान में रखते हुए भंडारण और आपूर्ति की सतत निगरानी की जा रही है, जिससे किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
निजी व सहकारिता क्षेत्र में पर्याप्त स्टॉक
जनपद में वर्तमान में निजी एवं सहकारिता क्षेत्र को मिलाकर 10887 मीट्रिक टन यूरिया उपलब्ध है। सहकारिता विभाग के लिए निर्धारित 10065 मीट्रिक टन लक्ष्य के सापेक्ष अब तक समितियों पर 9915 मीट्रिक टन यूरिया का प्रेषण किया जा चुका है। इससे स्पष्ट है कि सहकारी तंत्र के माध्यम से भी आपूर्ति लगभग लक्ष्य के अनुरूप पूरी कर ली गई है।
समितियों पर 2050 मीट्रिक टन यूरिया मौजूद
19 दिसम्बर 2025 तक जनपद की सहकारी समितियों पर कुल 2050 मीट्रिक टन यूरिया भंडारित है। जिन समितियों पर स्टॉक कम होने की स्थिति बन रही है, वहां तत्काल अतिरिक्त आपूर्ति भेजकर उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। इस व्यवस्था से ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों को खाद के लिए भटकना नहीं पड़ रहा है।








