- यूपी मदरसा बोर्ड के 2024-25 के रिजल्ट जारी
- कुल 68,423 छात्रों ने परीक्षा दी, पासिंग प्रतिशत 87.66%
- मौलवी-मुंशी में 85.07%, आलिम में 94.62% छात्र पास
उत्तर प्रदेश मदरसा बोर्ड के 2024-25 के रिजल्ट शुक्रवार को घोषित कर दिए गए हैं। इस बार कुल 68,423 छात्रों ने परीक्षा दी, जिसमें पासिंग पर्सेंट 87.66% रहा। मौलवी-मुंशी (सेकेंडरी अरबी-फारसी) में 85.07% जबकि आलिम (सीनियर सेकेंडरी अरबी/फारसी) में 94.62% छात्र सफल हुए हैं।
परीक्षा 22 फरवरी को पूरी हुई थी, जिसमें 88,082 छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। रिजल्ट अल्पसंख्यक कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने दोपहर 12:30 बजे ऑनलाइन घोषित किया। छात्र बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.madarsaboard.upsdc.gov.in पर जाकर अपना रिजल्ट देख सकते हैं।
मदरसा बोर्ड के रजिस्ट्रार आरपी सिंह ने बताया कि परीक्षा प्रदेश के 71 जिलों में 439 केंद्रों पर आयोजित हुई, जिनमें से 150 केंद्रों की लाइव मॉनिटरिंग की गई। परीक्षा पूरी तरह से नकल मुक्त और पारदर्शी रही।
टॉपर्स की बात करें तो मौलवी-मुंशी (सेकेंडरी) में अमेठी के मोहम्मद आकिब ने 89.33% अंक प्राप्त कर प्रदेश में टॉप किया, जबकि आलिम (सीनियर सेकेंडरी) में मुरादाबाद के फुरकान अली ने 95% अंक के साथ टॉप किया।
ये भी पढ़ें-लखनऊ में सड़क हादसे में परिवार के तीन सदस्यों की दर्दनाक मौत
2025 बोर्ड परीक्षा में कुल 33,869 छात्र और 34,554 छात्राएं शामिल थीं। मुंशी-मौलवी में 42,439 और आलिम में 17,544 छात्र-छात्राएं सफल हुए हैं। छात्र अब परिणाम के आधार पर विश्वविद्यालय में एडमिशन ले सकते हैं।








