वाराणसी। वाराणसी एयरपोर्ट पर मुंबई जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट को लेकर उस समय हंगामा हो गया, जब उड़ान भरने से ठीक पहले पायलट ने विमान उड़ाने से इनकार कर दिया। पायलट ने अपनी तबीयत खराब होने की बात कहते हुए उड़ान भरने में असमर्थता जताई। अचानक सामने आई इस स्थिति से एयरलाइंस प्रबंधन में भी अफरा-तफरी मच गई।
बोर्डिंग से पहले यात्रियों को दी गई जानकारी
बताया गया कि विमान संख्या 6E-6544 को सुबह 10:45 बजे वाराणसी से मुंबई के लिए उड़ान भरनी थी। बोर्डिंग शुरू होने से ठीक पहले एयरलाइंस अधिकारियों ने यात्रियों को पायलट के विमान उड़ाने से मना करने की जानकारी दी। अचानक फ्लाइट में देरी की स्थिति बनने से यात्रियों में नाराजगी फैल गई और उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया।
यात्रियों का आरोप है कि एयरलाइंस प्रबंधन ने उन्हें उड़ान को लेकर सही और समय पर जानकारी नहीं दी। यात्रियों का कहना था कि उन्हें आखिरी समय तक इंतजार कराया गया और पायलट की समस्या के बारे में बोर्डिंग से ठीक पहले बताया गया।
एयरलाइंस ने कहा- पायलट का किया जा रहा इंतजाम
हंगामे के बीच एयरलाइंस की ओर से यात्रियों को बताया गया कि दूसरे पायलट का इंतजाम किया जा रहा है। हालांकि, पायलट की व्यवस्था होने और विमान के दोबारा उड़ान भरने को लेकर यात्रियों को इंतजार करना पड़ा।
सूत्रों ने तबीयत खराब होने की बात पर उठाए सवाल
वहीं, मामले से जुड़े सूत्रों ने पायलट की तबीयत खराब होने की बात पर अलग दावा किया है। सूत्रों के मुताबिक, पायलट की तबीयत खराब नहीं हुई थी, बल्कि उसकी ड्यूटी का निर्धारित समय पूरा हो चुका था। इसी वजह से उसने विमान उड़ाने से इनकार किया।
हालांकि, पायलट के विमान नहीं उड़ाने की वास्तविक वजह क्या थी, इसे लेकर एयरलाइंस की ओर से स्थिति स्पष्ट किया जाना बाकी है। फिलहाल यात्रियों को दूसरे पायलट की व्यवस्था किए जाने की जानकारी दी गई है।









