
- इंदिरा गांधी स्टेडियम में एंट्री को लेकर हुआ विवाद
- 53 किलोग्राम भार वर्ग में ज्योति सिहाग से होगा मुकाबला
- वेट कैटेगरी को लेकर WFI अध्यक्ष को करना पड़ा हस्तक्षेप
- सुप्रीम कोर्ट से मिली थी ट्रायल में भाग लेने की अनुमति
ओलिंपियन रेसलर विनेश फोगाट एशियन गेम्स ट्रायल में हिस्सा लेने के लिए दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम पहुंचीं। वह 53 किलोग्राम भार वर्ग में हरियाणा की पहलवान ज्योति सिहाग के खिलाफ मुकाबला करेंगी। ट्रायल शुरू होने से पहले स्टेडियम में प्रवेश को लेकर विनेश और उनके पति सोमवीर राठी की सुरक्षाकर्मियों से बहस भी हुई। बाद में उन्हें अंदर जाने की अनुमति दे दी गई।
ट्रायल से पहले वजन माप के दौरान नया विवाद सामने आया। शुरुआत में विनेश को 50 किलोग्राम भार वर्ग में शामिल किया गया, जिस पर उन्होंने आपत्ति जताई। विनेश ने कहा कि वह अपनी पसंद की 53 किलोग्राम श्रेणी में ही प्रतिस्पर्धा करना चाहती हैं। इसके बाद रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (WFI) के अध्यक्ष संजय सिंह के हस्तक्षेप के बाद उनका वजन 53 किलोग्राम वर्ग में दर्ज किया गया।
स्टेडियम से सामने आई तस्वीरों में विनेश को मैट पर वार्मअप करते और अपने कोच तथा सपोर्ट स्टाफ के साथ रणनीति बनाते देखा गया। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि अब उन्हें किसी पर भरोसा नहीं है और वह अपनी डाइट भी अपने साथ लेकर आई हैं।









