69000 शिक्षक भर्ती पर लखनऊ में उग्र प्रदर्शन

अभ्यर्थियों ने सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा

  • ‘न्याय करो या इस्तीफा दो’ के नारों के साथ प्रदर्शन
  • अभ्यर्थी दो गुटों में बंटे, अलग-अलग जगह विरोध
  • चारबाग पर भीख मांगकर जताया विरोध

लखनऊ 69000 शिक्षक भर्ती मामले को लेकर राजधानी लखनऊ में अभ्यर्थियों का आक्रोश एक बार फिर सड़कों पर देखने को मिला। ‘योगी बाबा न्याय करो, सुप्रीम कोर्ट में पैरवी करो’ और ‘न्याय नहीं दे सकते तो इस्तीफा दो’ जैसे नारों के साथ अभ्यर्थियों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थी दो समूहों में बंट गए। एक समूह चारबाग रेलवे स्टेशन के पास भीख मांगकर अपना विरोध दर्ज कराता नजर आया, जबकि दूसरा समूह विधान भवन का घेराव करने पहुंचा।

अभ्यर्थियों का आरोप है कि भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ियां हुई हैं और सुप्रीम कोर्ट में कमजोर पैरवी के चलते उन्हें वर्षों से नियुक्ति नहीं मिल पा रही है। इसी मुद्दे को लेकर प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच करीब आधे घंटे तक धक्का-मुक्की और झड़प हुई।

महिला अभ्यर्थियों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस कार्रवाई के दौरान उनके साथ अभद्रता की गई। उन्होंने दावा किया कि इस दौरान उनकी चूड़ियां तोड़ी गईं और कपड़े तक फाड़ दिए गए।

स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर ईको गार्डन भेज दिया। वहां कुछ अभ्यर्थी ठेला लगाने वालों से भीख मांगते हुए भी नजर आए।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे लंबे समय से न्याय की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें कोई ठोस समाधान नहीं मिला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button