क्यों एटीएम तोड़ने पहुंचा जोमैटो टीम लीडर?

क्या था 6 लाख के कर्ज का राज और कैसे पुलिस ने दबोचा

  • शेयर मार्केट और क्रिप्टो में नुकसान बना अपराध की वजह
  • 7 मिनट तक एटीएम तोड़ने की कोशिश, कैश नहीं निकाल सका
  • बंथरा पुलिस ने सीसीटीवी के आधार पर आरोपी को पकड़ा

लखनऊ। राजधानी में एटीएम तोड़कर कैश चोरी करने की कोशिश करने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान उन्नाव जिले के अजगैन थाना क्षेत्र के शेरशाह गांव निवासी गुलशन कुमार (21) के रूप में हुई है।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी एक वेयरहाउस में टीम लीडर के पद पर काम करता है और ऑनलाइन निवेश के जरिए जल्दी पैसा कमाने की कोशिश कर रहा था। वह शेयर बाजार और Cryptocurrency में लगातार पैसा लगा रहा था, लेकिन बाजार में गिरावट के चलते उसे भारी नुकसान उठाना पड़ा।

नुकसान इतना बढ़ गया कि उस पर 6 लाख रुपये से अधिक का कर्ज हो गया। आर्थिक तंगी और कर्ज के दबाव में आकर उसने एटीएम तोड़कर पैसे चोरी करने की योजना बनाई।

घटना 11 अप्रैल की सुबह की है, जब बंथरा थाना क्षेत्र के पहाड़पुर स्थित Hitachi के एटीएम बूथ में आरोपी हेलमेट पहनकर घुसा। उसने सब्बल की मदद से करीब 7 मिनट तक एटीएम मशीन को तोड़ने का प्रयास किया। हालांकि, वह मशीन को पूरी तरह नहीं तोड़ सका और कैश निकालने में असफल रहा। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की और उसे गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल उससे आगे की पूछताछ जारी है और उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button