
- ससुराल वालों पर पहले से ही थे दहेज प्रताड़ना के आरोप
- शव को पंखे से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश
- मायकेवालों ने मौके पर किया हंगामा, पुलिस से तीखी नोकझोंक
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के अलीगंज इलाके की शिवलोक कॉलोनी में एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत से हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान प्रीति (24) पत्नी अक्षय गौतम के रूप में हुई है। घटना की सूचना पर जब प्रीति के मायकेवाले मौके पर पहुंचे तो उन्होंने ससुरालवालों पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।
मृतका के पिता रामस्वरूप, निवासी कछेला गांव, मछरेहटा (सीतापुर) का आरोप है कि उनकी बेटी को पहले बेरहमी से पीटा गया और फिर फांसी पर लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई। उन्होंने बताया कि प्रीति के मुंह से खून निकल रहा था, जिससे यह स्पष्ट है कि उसके साथ मारपीट की गई थी।
मायकेवालों ने जताई हत्या की आशंका
रामस्वरूप के अनुसार, शादी के कुछ महीनों बाद से ही प्रीति को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। सोमवार देर रात उसकी बेरहमी से पिटाई के बाद हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को पंखे से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया गया।
पुलिस ने पति को लिया हिरासत में
सूचना पर पहुंची अलीगंज पुलिस के साथ मृतका के परिजनों की तीखी नोकझोंक भी हुई। इंस्पेक्टर विनोद तिवारी ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पति अक्षय गौतम को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले की विस्तृत जांच पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।








