- अचानक अंधेरे में डूबा धर्मशाला स्टेडियम, मचा हड़कंप
- ड्रोन हमले के खतरे के बीच रोकी गई खिलाड़ियों की ट्रेन यात्रा
- IPL मैच के दौरान फ्लडलाइट फेल, सुरक्षा पर उठे सवाल
धर्मशाला। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 का 58वां मुकाबला गुरुवार को पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में खेला जा रहा था, जिसे महज 10.1 ओवर के बाद रद्द करना पड़ा। रद्दीकरण की वजह भारत-पाकिस्तान सीमा पर सैन्य तनाव और ड्रोन हमलों के कारण उत्पन्न सुरक्षा चिंताएं रहीं।
आईएएनएस की रिपोर्ट के अनुसार, मैच के बाद खिलाड़ियों को ट्रेन के ज़रिए पठानकोट से दिल्ली लाने की योजना बनाई गई थी, लेकिन भारतीय रेलवे ने सुरक्षा कारणों के चलते इसकी अनुमति नहीं दी। अब टीमों को बस के जरिए रवाना किया गया है।
फ्लडलाइट फेल और ब्लैकआउट के हालात
गुरुवार रात लगभग 9:30 बजे धर्मशाला स्टेडियम की चार फ्लडलाइट्स में से एक अचानक बंद हो गई, जिससे मैदान पर अंधेरा छा गया। स्थिति बिगड़ने पर खिलाड़ी और अंपायर ड्रेसिंग रूम की ओर लौट गए। इसके बाद धीरे-धीरे बाकी फ्लडलाइट्स भी बंद होती चली गईं। बताया गया कि जम्मू, पठानकोट और उधमपुर जैसे धर्मशाला से सटे शहरों में पाकिस्तान की ओर से संभावित ड्रोन हमलों के मद्देनज़र ब्लैकआउट किया गया था।
दर्शकों को कराया गया बाहर, BCCI ने बैठक बुलाई
घटनाक्रम के तुरंत बाद स्थानीय प्रशासन और हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (HPCA) ने स्टेडियम को खाली कराने की प्रक्रिया शुरू की। तस्वीरों में आईपीएल चेयरमैन अरुण धूमल को दर्शकों से स्टेडियम खाली करने का आग्रह करते देखा गया। पंजाब और दिल्ली की टीमें देर रात अपने होटल भेज दी गईं।
लीग स्थगित, अब भी 16 मैच बाकी
शुक्रवार को बीसीसीआई की आपात बैठक के बाद यह फैसला लिया गया कि आईपीएल को अगले आदेश तक स्थगित किया जाएगा। लीग में अभी कुल 16 मुकाबले बचे हैं, जिनमें 12 लीग मैच और 4 प्लेऑफ शामिल हैं








