
- हत्या के बाद कर्फ्यू लागू
- गृह मंत्री ने एंटी कम्युनल टास्क फोर्स को सौंपा जांच
- पुलिस ने 8 लोगों को हिरासत में लिया
मंगलुरु । कर्नाटक के मंगलुरु में बजरंग दल के नेता और 2022 के फाजिल हत्याकांड के मुख्य आरोपी सुहास शेट्टी की बुधवार रात करीब 8:30 बजे बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद शहर में तनाव का माहौल है और सुरक्षा उपायों के तहत 2 मई से 6 मई तक कर्फ्यू लागू कर दिया गया है।
राज्य के गृह मंत्री डॉ. जी परमेश्वर ने बताया कि इस मामले की जांच एंटी कम्युनल टास्क फोर्स द्वारा की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस किसी भी भड़काऊ बयान देने वाले के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी, चाहे वह किसी भी शक्ति से जुड़ा व्यक्ति क्यों न हो।
हत्या के बाद की घटनाएँ
गुरुवार रात, सुहास शेट्टी अपने पांच साथियों के साथ कार में यात्रा कर रहे थे, तभी दो कारों में सवार अज्ञात हमलावरों ने उनका रास्ता रोका। हमलावरों ने तलवारों और धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला किया। गंभीर रूप से घायल सुहास को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
पुलिस ने इस मामले में अब तक 8 लोगों को हिरासत में लिया है, जिनमें अब्दुल सफवान, नियाज, मोहम्मद मुजम्मिल, खालंदर शफी, आदिल मेहरूफ, नागराज, रंजीत और रिजवान शामिल हैं।
भाजपा ने राज्य सरकार की आलोचना की
भाजपा विधायक भरत शेट्टी ने सुहास शेट्टी की हत्या पर कर्नाटक सरकार की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “कर्नाटक में कानून व्यवस्था पूरी तरह से फेल हो चुकी है। असामाजिक और जिहादी ताकतों को बढ़ावा दिया गया है। यही कारण है कि ये लोग जो चाहे वह कर रहे हैं। पुलिस का ध्यान कानून व्यवस्था संभालने के बजाय तबादलों और निलंबनों पर है।”








