नागपुर। महाराष्ट्र के नागपुर में भारतीय वायुसेना (IAF) के एक अधिकारी की 24 वर्षीय पत्नी ने अपने पूर्व स्कूल क्लासमेट और अन्य लोगों पर रेप, ब्लैकमेलिंग, जबरन वसूली और जबरन धर्मांतरण का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार, फरवरी 2025 में उसके पूर्व क्लासमेट अय्याज ताज मदारे ने प्रॉपर्टी डील के बहाने उससे संपर्क किया। आरोप है कि आरोपी ने उसे एक होटल में बुलाया, जहां कथित तौर पर नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और आपत्तिजनक फोटो एवं वीडियो बना लिए। बाद में इन्हीं सामग्रियों के आधार पर उसे ब्लैकमेल कर लाखों रुपये की वसूली की गई।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि 31 मई को उसे जबरन नागपुर के पास कलमेश्वर ले जाया गया, जहां धार्मिक रस्में कराई गईं और उससे कथित तौर पर धर्म परिवर्तन से जुड़े कथन कहलवाए गए। इस मामले से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसकी जांच की जा रही है।
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि आरोपी उसे एक तरल पदार्थ पिलाता था और कुछ धार्मिक मंत्र पढ़कर उस पर प्रभाव डालने का दावा करता था। महिला का कहना है कि इसके बाद उसके साथ बार-बार यौन शोषण किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म, यौन शोषण, ब्लैकमेलिंग, जबरन वसूली, जबरन धर्मांतरण और महाराष्ट्र अंधश्रद्धा एवं काला जादू विरोधी कानून की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। जांच के लिए इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त कर फोरेंसिक परीक्षण शुरू कर दिया गया है।









