- सीएम आवास के पास महिला ने खुद पर डाला ज्वलनशील पदार्थ
- आग लगाने से पहले आत्मदाह निरोधी दस्ते ने रोका
- महिला की पहचान सुमित्रा कौर के रूप में हुई
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया जब मुख्यमंत्री आवास के पास एक महिला ने आत्मदाह का प्रयास किया। मौके पर मौजूद आत्मदाह निरोधी दस्ते ने तत्परता दिखाते हुए महिला को बचा लिया। महिला ने खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डाल लिया था और आग लगाने ही वाली थी कि उसे रोक लिया गया।
पीलीभीत जिले के हजारा कस्बे की रहने वाली सुमित्रा कौर नाम की यह महिला एक डिजिटल पोर्टल में पत्रकार हैं। वह अपने भाई के साथ गौतमपल्ली स्थित सीएम आवास के पास पहुंचीं थीं। वहां उन्होंने पुलिस के रवैये से परेशान होकर खुदकुशी करने का प्रयास किया।
पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
एसीपी हजरतगंज विकास जायसवाल ने बताया कि सुमित्रा कौर ने पीलीभीत के हजारा थाना क्षेत्र में कुछ लोगों के खिलाफ घर में घुसकर अभद्रता करने की शिकायत दर्ज कराई थी। लेकिन उनका आरोप है कि स्थानीय पुलिस ने इस मामले में अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। इससे परेशान होकर उन्होंने आत्मदाह जैसा कदम उठाया।
मेडिकल के लिए भेजा गया, होगी पूछताछ
महिला को मौके से सुरक्षित निकालकर मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने बताया कि पीलीभीत पुलिस को इस घटना की जानकारी दी गई है और मामले से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद महिला से पूछताछ की जाएगी।








