आगरा। आगरा के थाना ताजगंज क्षेत्र स्थित होटल डबल ट्री बाय हिल्टन में एक महिला की हीरे और चांदी की अंगूठियां चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने होटल स्टाफ पर ही चोरी का आरोप लगाते हुए दो कर्मचारियों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कराई है।
शादी समारोह में शामिल होने आई थी महिला
इंदौर के ओसियन पार्क एच ब्लॉक की रहने वाली श्वेता शर्मा (47) ने बताया कि वह 5 नवंबर को होटल में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने आई थीं। उनके लिए कमरा नंबर 3237 बुक था। 7 नवंबर को चेक आउट के दौरान उन्होंने तकिए के नीचे रखी तीन हीरे और एक चांदी की अंगूठी गायब पाईं, जिनकी कीमत लगभग 10 लाख रुपए बताई गई है।
20 मिनट के भीतर खाली मिला कमरा
श्वेता शर्मा का कहना है कि चेक आउट से पहले वे अपने परिचित से मिलने के लिए सामने वाले कमरे (नं. 3230) में गई थीं। करीब 20 मिनट बाद जब लौटीं, तो उनका पूरा सामान बाहर रखा मिला और अंगूठियां गायब थीं।
होटल स्टाफ पर चोरी का शक
पीड़िता ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में होटल की महिला कर्मचारी राधा और कर्मचारी विपिन को कमरे में जाते हुए देखा गया है। दोनों कई बार कमरे में गए और काफी समय तक रुके। बिना अनुमति कमरा खोलने पर उन्होंने होटल प्रबंधन पर भी सवाल उठाए हैं।
होटल प्रशासन बोला – जांच जारी
होटल प्रवक्ता ने बताया कि मामला संज्ञान में है और जांच अधिकारी के साथ पूरा सहयोग किया जा रहा है। पुलिस ने दोनों संदिग्ध कर्मचारियों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।








