
अंबेडकरनगर में महिला खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए ASMITA (Achieving Sports Milestone by Inspiring Women Through Action) योजना के तहत महिला हैंडबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता 16 अप्रैल को राजकीय एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में होगी।
यह आयोजन यूपी ओलंपिक एसोसिएशन के निर्देश पर जिला ओलंपिक संघ द्वारा कराया जा रहा है। इसका उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को खेलों में भागीदारी के लिए प्रेरित करना है।
ग्रासरूट स्तर से प्रतिभा को मिलेगा अवसर
आयोजन सचिव के अनुसार यह योजना स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय और खेलो इंडिया से मान्यताप्राप्त है। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण और जमीनी स्तर की महिला खिलाड़ियों को आगे लाना है।खेलों के माध्यम से फिटनेस, आत्मविश्वास और खेल संस्कृति को बढ़ावा देना भी इसका लक्ष्य है।
जिले की टीमें लेंगी हिस्सा
प्रतियोगिता में जनपद की विभिन्न टीमें भाग लेंगी। बेहतर प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ियों को मेडल, टी-शर्ट और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।आयोजन समिति ने कहा कि ऐसे आयोजनों से बालिकाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।जिला ओलंपिक संघ ने सभी विद्यालयों, खेल प्रशिक्षकों और अभिभावकों से अधिक से अधिक बालिकाओं को प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित करने की अपील की है।









