लखनऊ। महिलाओं की सुरक्षा और सार्वजनिक स्थानों पर उनके अधिकारों को लेकर शी स्पीक्स लखनऊ की ओर से मार्च निकाला गया। लखनऊ विश्वविद्यालय से परिवर्तन चौक तक प्रस्तावित इस मार्च के जरिए देश में महिलाओं के खिलाफ हुई घटनाओं को उठाया गया। इसमें आरजी कर मेडिकल कॉलेज की घटना समेत अन्य मामलों का जिक्र करते हुए पीड़ित महिलाओं के प्रति एकजुटता जताई गई।
मार्च में शामिल लखनऊ विश्वविद्यालय की लॉ छात्रा संविधा ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, लेकिन हालात में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि इस मार्च का उद्देश्य देशभर में ऐसी घटनाओं की पीड़ित महिलाओं के साथ एकजुटता दिखाना और उनकी सुरक्षा के सवाल को प्रमुखता से उठाना है।
आरजी कर से वनस्थली और एलपीयू की घटनाओं का जिक्र
संविधा ने कहा कि आरजी कर मेडिकल कॉलेज की घटना के बाद महिलाओं की सुरक्षा को लेकर बड़ा आंदोलन शुरू हुआ था। उनके मुताबिक, इस घटना को करीब दो साल होने वाले हैं, लेकिन महिलाओं की स्थिति में कोई खास सुधार नहीं दिखाई दे रहा है।
उन्होंने वनस्थली, जम्मू और लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) में सामने आए मामलों का भी उल्लेख किया। संविधा ने कहा कि मार्च के माध्यम से इन घटनाओं से प्रभावित महिलाओं के प्रति एकजुटता जताई जा रही है। साथ ही महिलाओं की सुरक्षा, उनके अधिकारों और सार्वजनिक स्थानों पर उनकी स्वतंत्रता से जुड़े मुद्दों पर ध्यान देने की जरूरत है।









