अकबरपुर। नगर पालिका परिषद अकबरपुर की ओर से मंगलवार को बस स्टॉप परिसर में येलो स्पॉट अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों पर खुले में पेशाब करने की समस्या को समाप्त करना और शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाना रहा। इसके तहत बस स्टॉप क्षेत्र में चिन्हित दो प्रमुख स्थलों पर व्यापक सफाई, धुलाई और पेंटिंग का कार्य कराया गया।
नगर पालिका की टीम ने पहले इन स्थलों पर जमी गंदगी और दुर्गंध को हटाने के लिए गहन सफाई कराई। इसके बाद पानी से धुलाई की गई और दीवारों तथा कोनों पर पेंटिंग कर सौंदर्यीकरण किया गया। इस पहल से न केवल बस स्टॉप परिसर की तस्वीर बदली, बल्कि खुले में पेशाब करने वाले स्थानों को येलो स्पॉट से मुक्त करने की दिशा में ठोस कदम उठाया गया।
स्वच्छ भारत मिशन टीम ने संभाली जागरूकता की कमान
अभियान के दौरान नगर पालिका की IEC एवं स्वच्छ भारत मिशन टीम ने लोगों को जागरूक किया। टीम ने बस स्टॉप पर मौजूद यात्रियों, दुकानदारों और आसपास के लोगों से संवाद कर सार्वजनिक शौचालयों के उपयोग के लिए प्रेरित किया। खुले में पेशाब करने से होने वाली गंदगी, दुर्गंध और बीमारियों के खतरे की जानकारी दी गई। साथ ही यह संदेश दिया गया कि स्वच्छता केवल नगर पालिका की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।
टीम ने लोगों से अपील की कि वे सार्वजनिक स्थानों को गंदा न करें और उपलब्ध शौचालयों का ही उपयोग करें। अभियान के दौरान स्वच्छता संबंधी संदेशों के माध्यम से शहर को साफ-सुथरा रखने का संकल्प भी दिलाया गया।








