
लखनऊ। मोहनलालगंज थाना क्षेत्र में रविवार को घर से लापता हुए एक युवक की हत्या कर दी गई। युवक का शव मऊ नहर पुल से हुलासखेड़ा मार्ग पर पड़ा मिला, जहां उसके सिर और चेहरे पर धारदार हथियार से गंभीर चोटें थीं। मृतक के पास उसकी चप्पलें पड़ी मिलीं, जबकि मोबाइल फोन गायब है।
मृतक की पहचान जेल रोड निवासी 23 वर्षीय अलमास सिद्दीकी के रूप में हुई। परिवार ने सोमवार सुबह उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई थी। अलमास रविवार शाम घर से यह कहकर निकला था कि वह खुजौली जा रहा है और थोड़ी देर में वापस आ जाएगा, लेकिन वह वापस नहीं लौटा।
पुलिस के अनुसार, शव के पास माचिस भी पाई गई है। मृतक का मोबाइल उसी दिन से स्विच ऑफ था। परिजनों ने बताया कि उन्होंने रात भर उसे खोजा लेकिन कोई पता नहीं चला। सोशल मीडिया के जरिए उन्हें उसकी मौत की जानकारी मिली। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और मृतक के मोबाइल फोन की खोज कर रही है।







