कार में छिपाकर ले जा रहे थे 282 बोतल अंग्रेजी शराब, दो तस्कर गिरफ्तार; वाहन, मोबाइल और नकदी बरामद
अंबेडकरनगर। चंडीगढ़ से अवैध तरीके से शराब की खेप बिहार पहुंचाने की कोशिश कर रहे दो तस्करों को जलालपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनके कब्जे से 211 लीटर (282 बोतल) अंग्रेजी शराब, तस्करी में इस्तेमाल की गई कार, तीन मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है। बरामद शराब की कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की। न्यायालय में पेश करने के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया।
पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेसवे से उतरते ही पुलिस ने रोकी कार
जलालपुर पुलिस गुरुवार देर शाम सुरहुरपुर-जलालपुर मार्ग पर चौबेपुर के पास संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेसवे से सुरहुरपुर रोड की ओर आ रही एक कार पुलिस की नजर में आई।
पुलिस टीम ने कार को रोककर तलाशी ली तो उसमें अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप मिली। कार से कुल 282 बोतल शराब बरामद होने के बाद पुलिस ने दोनों सवारों को हिरासत में ले लिया।
चंडीगढ़ की शराब बिहार पहुंचाने की थी तैयारी
पुलिस जांच में सामने आया कि बरामद शराब केवल चंडीगढ़ राज्य में बिक्री के लिए अधिकृत थी। आरोपित इसे वहां से अवैध तरीके से बिहार ले जा रहे थे।
पुलिस के अनुसार, शराब तस्करी का उद्देश्य अधिक लाभ कमाना था। बरामदगी के बाद शराब, कार और अन्य सामान को पुलिस ने कब्जे में ले लिया।









