जिले में 12 पुलिसकर्मियों के कार्यक्षेत्र बदले, एसपी ने जारी किया आदेश

पुलिस स्थापना बोर्ड की बैठक के बाद तबादले, थानों के साथ पुलिस लाइन और विभिन्न शाखाओं में मिली नई तैनाती

अंबेडकरनगर। जिले की पुलिस व्यवस्था में फेरबदल करते हुए 12 पुलिसकर्मियों के कार्यक्षेत्र बदल दिए गए हैं। इनमें एक उपनिरीक्षक, दो मुख्य आरक्षी और नौ आरक्षी शामिल हैं। पुलिस स्थापना बोर्ड की बैठक में लिए गए निर्णय के बाद पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने बृहस्पतिवार को स्थानांतरण आदेश जारी किया। सभी पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती स्थल पर कार्यभार संभालने का निर्देश दिया गया है।

तबादला सूची में सबसे अधिक बदलाव बसखारी थाने से जुड़े हैं। महिला उपनिरीक्षक पूजा शुक्ला को पुलिस लाइन से बसखारी थाने भेजा गया है। मुख्य आरक्षी विनय कुमार मिश्रा को बसखारी से राजेसुल्तानपुर और मुख्य आरक्षी अजय सिंह यादव को पुलिस लाइन से मालीपुर थाने में हेड मुहर्रिर की जिम्मेदारी दी गई है। आरक्षी अजीत यादव को बसखारी से जैतपुर भेजा गया है।

महिला आरक्षियों में नेहा सिंह को अहिरौली से बसखारी, काजल सिंह को जैतपुर से बसखारी और अंजू मिश्रा को कटका से बसखारी थाने में तैनाती मिली है। संयोगिता गुप्ता को हंसवर थाने से न्यायालय सुरक्षा में भेजा गया है। वहीं, पुष्पलता को पुलिस लाइन से यूपी-112 और वंदना सिंह को पुलिस लाइन से आईजीआरएस सेल में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इसके अलावा आरक्षी विपिन यादव को पुलिस लाइन से यूपी-112 और राम भरोसे प्रजापति को कोतवाली भीटी से सम्मनपुर थाने भेजा गया है। स्थापना बोर्ड के निर्णय के आधार पर किए गए इन तबादलों से थानों और विभिन्न पुलिस इकाइयों में कार्मिकों की तैनाती बदली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button