लखनऊ में धूप-बारिश का सिलसिला, 2 अगस्त तक बारिश के आसार

शहर में धूप और रुक-रुककर बारिश का दौर

  • पुराने लखनऊ और चारबाग में हुई बारिश
  • मौसम विभाग ने 2 अगस्त तक बारिश का अलर्ट जारी किया
  • मानसून में अब तक सामान्य से 38% कम बारिश

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में मंगलवार को सुबह से मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिला। शहर के अधिकांश हिस्सों में तेज धूप रही, जबकि कुछ इलाकों में रुक-रुककर बारिश भी हुई। सुबह करीब 10:45 बजे पुराने लखनऊ के डालीगंज क्षेत्र में बारिश दर्ज की गई, वहीं दोपहर करीब 1:20 बजे चारबाग इलाके में तेज बारिश का झोंका आया। दूसरी ओर गोमतीनगर समेत कई क्षेत्रों में दिनभर धूप निकलने से उमस बनी रही।

रुक-रुककर बारिश का रहेगा दौर

मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक शहर के अलग-अलग इलाकों में रुक-रुककर बारिश होती रहेगी। इस दौरान तेज सतही हवाएं भी चल सकती हैं और बादलों की आवाजाही बनी रहेगी।

अब तक 38% कम हुई बारिश

इस मानसून सीजन में लखनऊ में अब तक सामान्य से 38 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। अभी तक कुल 196 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई है।

तापमान और नमी का हाल

मंगलवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। सोमवार को अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री और न्यूनतम 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम आर्द्रता 94 फीसदी और न्यूनतम आर्द्रता 83 फीसदी रही।

2 अगस्त तक बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने 2 अगस्त तक मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना लो प्रेशर सिस्टम धीरे-धीरे उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है, जिसके प्रभाव से उत्तर प्रदेश में बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button