- आलापुर के धनुकारा गांव की घटना, मेडिकल के बाद पुलिस ने शुरू की जांच
आलापुर (अम्बेडकरनगर)। आलापुर थाना क्षेत्र के धनुकारा गांव में सोमवार को खेत की मेड़ की छंटाई को लेकर हुआ विवाद हिंसक हो गया। एक व्यक्ति ने अपने भतीजों समेत चार लोगों पर मारपीट और फावड़े से हमला करने का आरोप लगाया है। घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल का मेडिकल कराया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, धनुकारा गांव निवासी श्याम सेवक यादव सोमवार को अपना खेत देखने पहुंचे थे। आरोप है कि उसी दौरान उनके भाई के पुत्र अरुण यादव और कृष्णा यादव खेत की मेड़ की छंटाई कर रहे थे। इसका विरोध करने पर दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, फिर विवाद बढ़कर मारपीट तक पहुंच गया।
पीड़ित का आरोप है कि विवाद के दौरान अरुण यादव, कृष्णा यादव, संगीता देवी और खुशबू यादव ने मिलकर उनके साथ मारपीट की। उनका कहना है कि उन्हें खेत में गिराकर लात-घूंसों से पीटा गया। आरोप है कि इसके बाद फावड़े से हाथ पर कई वार किए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए और उनका हाथ लहूलुहान हो गया।
घायल किसी तरह घटनास्थल से निकलकर आलापुर थाने पहुंचे और चारों आरोपितों के खिलाफ नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर भेजा, जहां उनका चिकित्सीय परीक्षण और उपचार कराया गया।
मेडिकल के बाद पुलिस जुटी जांच में
पुलिस का कहना है कि मामले की तहरीर प्राप्त हो गई है। मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।









